पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर फायरिंग, हवलदार घायल

Crime

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची के खलारी थाना क्षेत्र के निर्मल महतो चौक के पास रविवार देर रात अपराधियों ने पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर अचानक फायरिंग कर दी। फायरिंग में खलारी थाना के हवलदार राम शरीफ शर्मा घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर एक सफेद स्विफ्ट कार में सवार नकाबपोश अपराधियों ने हमला किया। उन्होंने छोटे हथियार से लगभग 3-4 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली हवलदार राम शरीफ शर्मा के दाहिने पैर में लगी।

पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही : गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने अब तक दो सफेद कारें जब्त कर ली हैं, जो इस घटना में शामिल हो सकती हैं। इसके साथ ही एक संदिग्ध व्यक्ति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने सोमवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Spread the love