Eksandeshlive Desk
हैदराबाद/नई दिल्ली : तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला के पास रविवार सुबह लगभग छह बजे हुए सड़क हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा चेवेल्ला मंडल के मिर्जागुड़ा में हैदराबाद-बीजापुर राजमार्ग पर एक टिपर के यात्रियों से भरी बस को टक्कर मारने से हुआ। बस का दायां हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टिपर बस पर पलट गया। बस लगभग करीब 70 यात्री सवार थे। इनमें से ज्यादातर यात्री छुट्टी के बाद हैदराबाद लौट रहे थे। इनमें विद्यार्थियों की संख्या अधिक बताई जा रही है। हादसे में घायल अनेक लोगों की स्थिति गंभीर है। टिपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव टिपर में फंसा रहा। अब तक 10 शव चावला अस्पताल पहुंचाए गए हैं।
तेलंगाना दुर्घटना पर प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को दी दो-दो लाख की सहायता : दुर्घटना के बाद स्थानीय वाहनचालकों ने मदद की और यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इस हादसे के कारण चेवेल्ला-विकाराबाद मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस मौके पर है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। स्थानीय विधायक और मंत्री घटनास्थल पर पहुंचे हैं। गंभीर रूप से घायल 20 से अधिक यात्रियों को हैदराबाद पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में हुई दुर्घटना में लोगो की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि रंगारेड्डी जिले में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
