हेहल सोहराय जतरा महोत्सव में शामिल हुए रक्षा राज्य मंत्री, मेला समिति की बहनों को किया सम्मानित

360° Ek Sandesh Live


रांची: झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोकआस्था के प्रतीक सोहराय महापर्व के अवसर पर हेहल जतरा स्थल में आयोजित हेहल सोहराय जतरा महोत्सव में रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक उत्सव में सहभागिता की और क्षेत्रवासियों को सोहराय पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि सोहराय केवल एक पर्व नहीं, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और जनजातीय जीवन-दर्शन का जीवंत उत्सव है। यह पर्व हमें अपनी कृषि परंपराओं, पशुधन के महत्व और प्रकृति के प्रति प्रेम, सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश देता है। हमारी लोकसंस्कृति और परंपराएं ही हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। महोत्सव के आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मेला समिति की बहनों (दीदियों) को संजय सेठ ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमारी बहनें अपनी सक्रिय भागीदारी, परिश्रम और समर्पण से न केवल ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को सफल बनाती हैं, बल्कि हमारी परंपराओं और सामाजिक विरासत को भी सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने झारखंड की समृद्ध लोकपरंपराओं, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक उत्सवों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अजीत भगत, अशोक मुंडा, बिंदेश्वर बेक, धर्मचंद्र उरांव, बिमेश तिर्की, बंदे उरांव, सुचित उरांव, राकेश तिर्की व विजय तिर्की सहित अनेक गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love