तृतीय चरण के तहत गांव-गांव में आयोजित होंगी वोट बचाओ, देश बचाओ चौपालें : केशव महतो कमलेश

360° Ek Sandesh Live


रांची: वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत झारखंड के सभी प्रखंडों के गांव-गांव में वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण व समीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। गठित कमेटी में अनादि ब्रह्म को संयोजक तथा लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ अजहर पप्पू एव जितेंद्र त्रिवेदी को सदस्य मनोनीत किया गया है। उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि आज कांग्रेस भवन, रांची में नवनियुक्त कमेटी की बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कमेटी के सभी सदस्यों को अभियान के तृतीय चरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बैठक में कमेटी के सदस्यों को निर्देशित किया गया कि वे सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों एवं प्रखंड कांग्रेस अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर राज्य के प्रत्येक गांव में सरल, सहज व प्रभावी स्वरूप में वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल का आयोजन सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उनकी प्रगति की समीक्षा करें और प्रदेश कांग्रेस कमेटी को समय-समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। राकेश सिन्हा ने कहा कि वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तीसरे चरण का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर मतदाता सूची, मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर लोगों के बीच संवाद स्थापित करना है। चौपाल के माध्यम से आम नागरिकों को जागरूक करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति उनकी भागीदारी और जिम्मेदारी को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस अभियान को राज्य के सभी प्रखंडों और गांवों तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर समन्वित प्रयास कर रही है।

Spread the love