पति-पत्नी के बीच अनबन के बाद महिला ने उठाया आत्मघाती कदम, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
कुजू : कुजू ओपी क्षेत्र के बोंगाबार स्थित कोयरी टोला में सल्फास की गोली खाने से एक विवाहिता की मौत हो गयी। मृतका की पहचान सुषमा देवी (36वर्ष), पति ओम प्रकाश महतो के रूप में हुई है. बताया जाता है कि बीते मंगलवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई थी। इसके बाद पति टेंपो लेकर काम पर चला गया। इसी दौरान सुबह करीब नौ बजे सुषमा देवी ने सल्फास की गोली खा ली. तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए रांची रोड स्थित अस्पताल ले गये। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया। लेकिन देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद रांची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण कराया और बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। मृतका के तीन बच्चे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
