Ranchi : प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने निशा भगत मौत मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा सीबीआई जांच के निर्देश का स्वागत किया और भाजपा पर आदिवासी वोटों की ठेकेदारी का आरोप लगाया।नायक ने कहा कि भाजपा निशा भगत के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही है और खोई हुई आदिवासी जमीन वापस पाने की कोशिश कर रही है। एक आदिवासी बेटी की मौत को हथियार बनाकर भावनाएं भड़काने की कोशिश बेनकाब हो गई है। आदिवासी समाज भाजपा के दोहरे चरित्र को समझता है।उन्होंने कहा कि निशा भगत ने मौत से पहले फेसबुक लाइव में अपनी प्रताड़ना को लेकर जो बातें कही थीं, और भाजपा-आरएसएस से जुड़े लोगों व एक बड़े भाजपा नेता को लेकर जो आरोप लगाए थे, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है।पिता द्वारा पिठोरिया थाने में शिकायत के बावजूद परिवार को न्याय के लिए गुहार लगानी पड़ी, इसकी भी जांच होनी चाहिए। फेसबुक लाइव, पुलिस शिकायत और पारिवारिक बयानों को जांच का आधार बनाया जाए।नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री का सीबीआई जांच का निर्देश सरकार की गंभीरता दिखाता है। अब सीबीआई बिना राजनीतिक दबाव के जांच करे, चाहे भाजपा, आरएसएस या पुलिस-प्रशासन में से किसी की भी भूमिका सामने आए, किसी को बख्शा न जाए। आदिवासी समाज प्रयोगशाला नहीं है और आदिवासी बेटियां वोट बैंक की वस्तु नहीं हैं।
