जीत के बाद ममदानी ने आधे घंटे लंबे भाषण में ट्रंप पर निशाना साधा, नेहरू के अमर भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ से दिया उद्धरण
Eksandeshlive Desk
न्यूयॉर्क : अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनावाें में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान मामदानी ने स्वतंत्र उम्मीदवार एंड्र्यू क्यूमो को करारी शिकस्त देकर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। न्यूयॉर्क प्रांतीय असेंबली के सदस्य और डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट 34 वर्षीय मामदानी, शहर के पहले मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मूल के मेयर बन गए हैं। मामदानी के माता पिता मूल रूप से युगांडा से हैं। वाशिंगटन पोस्ट के अनुमान के अनुसार, मामदानी को 52% से अधिक वोट मिले हैं, जबकि क्यूमो 45% पर ही सिमट गए हैं। ममदानी का शपथ ग्रहण समारोह अगले साल जनवरी में होगा। जीत के बाद ममदानी ने आधे घंटे लंबे भाषण में ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग उन्हें कामयाब बना सकते हैं वही लोग उन्हें हरा भी सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव से पहले जोहरान ममदानी को वोट न करने की अपील की थी।
ममदानी ने अपने भाषण में नेहरू के प्रसिद्ध भाषण “ट्रिस्ट विद डेस्टिनी” का किया जिक्र : न्यूयॉर्क का मेयर चुनाव जीतने के बाद जोहरान ममदानी ने अपने भाषण में जवाहरलाल नेहरू के प्रसिद्ध भाषण “ट्रिस्ट विद डेस्टिनी” का जिक्र किया। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने नेहरू के अमर भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ से उद्धरण दिया है। दिलचस्प बात यह है कि नेहरू के यही ऐतिहासिक शब्द नवंबर 2013 में स्कॉटलैंड की आजादी के अभियान के दौरान एलेक्स सैलमंड ने भी अपने भाषण में इस्तेमाल किए थे।” “यानी भारत की स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर दिए गए नेहरू के इन शब्दों ने न केवल भारत में बल्कि विश्व राजनीति में भी कई नेताओं और आंदोलनों को प्ररित किया है-चाहे वह स्कॉटलैंड की स्वतंत्रता की बात हो या अब न्यूयॉर्क में एक नई राजनीतिक शुरुआत की।” ममदानी ने अपने भाषण में कहा, “आप सबके सामने खड़ा होकर मुझे जवाहरलाल नेहरू के शब्द याद आते हैं। इतिहास में कभी-कभी ऐसा क्षण आता है, जब पुराने से नए की ओर कदम बढ़ाते हैं, तब एक युग समापत होता है और जब किसी राष्ट्र की लंबे समय से दबाई गई आत्मा अपनी अभिव्यक्ति पाती है। आज रात, हमने पुराने से नए की ओर कदम बढ़ा लिया है।” ममदानी ने कहा कि यह जीत न्यूयॉर्क के लिए एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह वह युग होगा जब न्यूयॉर्कवासी अपने नेताओं से यह अपेक्षा करेंगे कि वे हमें बताएं कि हम क्या हासिल कर सकते हैं। न कि यह बहाना दें कि हम क्या करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।”
जोहरान मामदानी 1892 के बाद से शहर के सबसे युवा मेयर होंगे : मीडिया खबराें के मुताबिक चुनाव परिणामों के अनुसार, मामदानी ने प्रारंभिक चुनाव में अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए क्यूमो पर लगभग उतने ही अंतर से जीत हासिल की, लेकिन अश्वेत और हिस्पैनिक समुदायों में उनकी लोकप्रियता ने उन्हें अतिरिक्त बढ़त प्रदान की। मामदानी 1892 के बाद से शहर के सबसे युवा मेयर होंगे। इस बीच मामदानी ने जीत की आधिकारिक घाेषणा करते हुए अपने समर्थकों से कहा, “यह जीत न्यूयॉर्क के पुनर्जन्म की शुरुआत है। हम एक ऐसे शहर का निर्माण करेंगे जहां हर आवाज सुनी जाए, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि की हो।” उनका चुनावी अभियान सामाजिक न्याय, आवास सुधार और जलवायु परिवर्तन पर केंद्रित था, जिसने युवा मतदाताओं और अल्पसंख्यक समुदायों को आकर्षित किया। अमेरिका के रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव में अपनी ओर से मामदानी के खिलाफ जोर लगा रखा था। पूर्व राष्ट्रपति डेमोक्रेट बराक ओबामा ने मामदानी की जीत का स्वागत किया है और उन्हें बधाई भी दी है।
