रांची: दरभंगा हाउस स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 में सतर्कता का संदेश भाषणों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कला और रचनात्मकता के जरिए लोगों के दिलों तक पहुंचा। सत्यनिष्ठा से समृद्धि थीम पर आयोजित महोत्सव में रंग, कूची और सुरों ने ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश दिया। लाइव पेंटिंग वर्कशॉप में 35 से अधिक नामचीन कलाकारों ने कैनवास पर अपनी कल्पनाओं को उकेरा। इनमें कोलकाता, मुर्शिदाबाद, जमशेदपुर और धनबाद के 10 कलाकार भी शामिल थे। महाप्रबंधक (सीसी एवं पीआर) आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कलाकारों ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को रंगों के माध्यम से जीवंत किया।स्ट्रीट पेंटिंग में सड़क ही कैनवास बन गई। ब्रश चलते रहे और राहगीर रुक-रुक कर इस रचनात्मक दुनिया का आनंद लेते रहे। रंगोली में प्रतिभागियों ने ईमानदारी और नैतिकता का संदेश दिया, तो फेस पेंटिंग में चेहरों को ही कैनवास बना दिया गया। पॉट पेंटिंग में साधारण गमले रंगीन कलाकृतियों में बदल गए। वहीं सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में सुरों की महफिल ने माहौल को संगीतमय बना दिया।निर्णायकों ने हर कलाकृति को रंगों के तालमेल, विषय की प्रस्तुति, कल्पनाशीलता और संदेश की स्पष्टता के आधार पर परखा। खास बात यह रही कि प्रतिभागियों को आवश्यक सामग्री सीसीएल की ओर से उपलब्ध कराई गई।रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से आए 500 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जबकि 4 हजार से अधिक विद्यार्थियों और लोगों की मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। महोत्सव के पहले दिन की शाम नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के नाम रही। इसमें सीसीएल की नारी शक्तियों को उनके योगदान, समर्पण और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कुल मिलाकर महोत्सव कला और संस्कृति के माध्यम से सतर्कता जागरूकता का अनूठा संगम साबित हुआ।
