मेसरा (रांची): बुटी क्रिकेट क्लब की होनहार खिलाड़ी कुमारी पलक का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में एक बार फिर चयन हुआ है। वह 26 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। हाल ही में इंडिया ए,इंडिया बी और नेपाल के बीच खेली गई ट्राई-सीरीज के फाइनल में पलक ने शानदार प्रदर्शन किया था। 22 नवंबर को खेले गए खिताबी मुकाबले में इंडिया बी की ओर से उन्होंने मात्र 25 गेंदों पर नाबाद 39 रनों की अहम पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी। इसी दमदार फॉर्म के चलते आगामी 2027 महिला अंडर-19 विश्व कप के लिए भी उनके चयन की उम्मीदें प्रबल मानी जा रही हैं। पलक के चयन की खबर मिलते ही बुटी क्रिकेट क्लब में खुशी की लहर दौड़ गई। कोच पंचीत महतो ने उनकी सफलता को कड़ी मेहनत,अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का नतीजा बताया। वहीं,मां संगीता भगत ने बेटी की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। इस सफलता पर पूर्व सांसद रामटहल चौधरी,भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू,बुटी मुखिया जुगुन मुंडा,हितेंद्र सिंह और शंकर महतो ने पलक को बधाई दी। इसके अलावा झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव और सचिव सौरव तिवारी ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
