श्रीलाल बाबा व श्रीसतनाम बापू महाराज की पुण्यतिथि पर उमड़ेंगे श्रद्धालु

360° Ek Sandesh Live


प्रतापपुर (चतरा): प्रतापपुर प्रखंड के जोगियारा बाबा कुटी आश्रम में एक बार फिर आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक समर्पण का अनुपम दृश्य देखने को मिलेगा। आश्रम परिसर में 2 जनवरी को श्रीलाल बाबा तथा 14 जनवरी को श्रीसतनाम बापू जी महाराज की पुण्यतिथि के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बाबा के अनुयायी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में आश्रम पहुंचते हैं। श्रद्धालु बाबा की समाधि पर मत्था टेककर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु मन्नत मांगते हैं। लोगों का विश्वास है कि बाबा की कृपा से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, जिसके बाद वे पुन: दर्शन के लिए आते हैं और मन्नत उतारते हैं।आजादी से पूर्व हुआ था श्रीसतनाम बापू जी का आगमन आश्रम कमिटी के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आजादी से पूर्व श्रीसतनाम बापू महाराज का इस पावन भूमि पर आगमन हुआ था। उनके आगमन के साथ ही क्षेत्र में सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक जागृति का विस्तार हुआ। आज भी लोग उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को समाधि स्थल पर विशेष मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों का संदेश भी देता है। जोगियारा बाबा कुटी आश्रम में आयोजित होने वाला यह भव्य भंडारा सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता की सशक्त मिसाल है ,जहां सभी श्रद्धालु एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं और आध्यात्मिक शांति का अनुभव करते हैं।

Spread the love