BY ASHOK ANANAT
चतरा: शहीद आरक्षी नीरज क्षेत्री की 7वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मंगलवार को मनाई गई। इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय सहित सभी कंपनीमुख्यालयों में विशेष श्रद्धांजलिकार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम का आयोजन 35वीं वाहिनी के कमांडेंट संजीव कुमार के दिशा-निर्देशन में किया गया। श्रद्धांजलि सभा में कमांडेंट सहित बटालियन के सभी अधिकारियों,अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने शहीद आरक्षी नीरज क्षेत्री के चित्र पर पुष्प चक्र एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने देश की सुरक्षा एवं कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवान के अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में शहीद नीरज क्षेत्री के योगदान को स्मरण करते हुए कहा गया कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना को सदैव मजबूत करता रहेगा।श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरे परिसर का माहौल भावुक और श्रद्धामय बना रहा। अधिकारियों ने जवानों से शहीदों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन शहीद आरक्षी नीरज क्षेत्री के अमर बलिदान को नमन करते हुए तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया। एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों ने एक स्वर में कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों का त्याग कभी भुलाया नहीं जा सकता।
