प्रतापपुर के लाल विकास कुमार ने सीजीएल– जेसीसी परीक्षा में गाड़ा परचम, बने युवाओं के प्रेरणा स्रोत

Education Ek Sandesh Live

अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): प्रतापपुर प्रखंड के टेलीटोला निवासी विकास कुमार, पिता नंदलाल प्रसाद के कनिष्ठ पुत्र, ने सीजीएल–जेसीसी परीक्षा 2023 में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता और गुरुजनों का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। विकास कुमार ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, धैर्य और संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। सफलता की इस यात्रा में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, किंतु उन्होंने कभी हार नहीं मानी। बताया जाता है कि विकास कुमार इससे पहले भी स्टेशन मास्टर, एनटीपीसी, दारोगा सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल रहे, लेकिन मेधा सूची में नाम न आने की वजह से सरकारी नियुक्ति नहीं मिल पाई। इसके बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और निरंतर तैयारी में जुटे रहे। अंततः उनकी सतत मेहनत रंग लाई और उन्होंने सीजीएल–जेसीसी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर युवाओं के लिए मिसाल पेश की। विकास कुमार की पहली नियुक्ति राज्य निर्वाचन आयोग, रांची में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के रूप में हुई है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षकों तथा ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विकास कुमार का कहना है कि- “संयम, निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास से सफलता अवश्य मिलती है। भविष्य में भी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर कार्य करता रहूँगा।”

Spread the love