ओरमांझी में बस ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 4 समेत 10 घायल

360° Ek Sandesh Live

News by Mustaffa

​मेसरा (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के पालू के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब ओरमांझी बाजार से खरीदारी कर लौट रहे एक ऑटो को तेज रफ्तार बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सीधे सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से जा टकराया। ​टक्कर के बाद ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो में सवार 60 वर्षीय बिकनी देवी मलबे के बीच बुरी तरह फंस गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी की मदद से घंटों मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सीएचसी ओरमांझी में भर्ती कराया गया है,जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा गया है। ​परिजनों ने बताया कि घायल माधव मुंडा की शादी होने वाली है। घर में उत्सव का माहौल था और परिवार के सदस्य शादी के लिए कपड़ों और अन्य सामानों की खरीदारी करने ओरमांझी बाजार गए थे। घायलों में माधव मुंडा (30),सुशीला देवी (60),देवी मुंडा (60),अनीता देवी (40),पंकज गुप्ता (25),छेदी मुंडा (65) और चालक सचिन कुमार समेत कुल 10 लोग शामिल हैं। इनमें से चार लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। ​घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की,जिससे रांची-रामगढ़ मार्ग पर यातायात बाधित होने लगा। हालांकि,सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया,जिसके बाद जाम हटा और आवागमन सामान्य हो सका।

Spread the love