Eksandeshlive Desk
कोलंबो : आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर करते हुए जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी अपराजेय लय बरकरार रखी। ग्रुप बी के इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने 170 रन के लक्ष्य का सफल बचाव किया और ऑस्ट्रेलिया को 146 रन पर समेट दिया। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट पर 17 विकेट लिए, जबकि ब्रैड इवांस ने 3/23 के आंकड़े के साथ ऑस्ट्रेलियाई शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। मुजारबानी ने इस दौरान अपना 100वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट भी पूरा किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 2 विकेट पर 169 रन बनाए। युवा सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 56 गेंदों में नाबाद 64 रन की पारी खेली। उनके साथ तादिवानाशे मारुमानी (35) ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। बाद में रयान बर्ल (35) और कप्तान सिकंदर रजा (नाबाद 25) ने उपयोगी योगदान दिया।
टी-20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की ऑस्ट्रेलिया पर दूसरी जीत : लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। मुजारबानी और इवांस की घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया 4 विकेट पर 29 रन तक सिमट गया। जोश इंग्लिस, कैमरून ग्रीन और टिम डेविड सस्ते में आउट हो गए। कार्यवाहक कप्तान ट्रेविस हेड भी 17 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से आउट हुए। मध्यक्रम में मैथ्यू रेनशॉ (65) और ग्लेन मैक्सवेल (31) ने 77 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। अंततः ऑस्ट्रेलियाई टीम अंतिम ओवर में 146 रन पर सिमट गई। यह टी-20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की ऑस्ट्रेलिया पर दूसरी जीत है। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले उसने 2007 में उद्घाटन संस्करण में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ग्रुप बी तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर 8 की राह अब चुनौतीपूर्ण हो गई है।
टी20 विश्व कप से बाहर हुए ब्रेंडन टेलर, हैमस्ट्रिंग चोट बनी वजह : जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण चल रहे टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकन्दर रजा ने शुक्रवार को कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से पहले टॉस के दौरान इसकी पुष्टि की। 40 वर्षीय टेलर को टूर्नामेंट के पहले मैच में ओमान के खिलाफ खेलते समय चोट लगी थी। वह 30 गेंदों पर 31 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। इससे पहले उन्होंने विकेट के पीछे तीन कैच भी लपके थे। जिम्बाब्वे टीम ने फिलहाल टेलर के स्थान पर किसी आधिकारिक रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है। हालांकि टीम के टूर्नामेंट में कम से कम दो और मैच बाकी हैं, ऐसे में जल्द ही नए खिलाड़ी के नाम का ऐलान होने की संभावना है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में तादिवानाशे मरुमानी ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभाई, जबकि ऑलराउंडर टोनी मुन्योंगा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।
टेलर का बाहर होना जिम्बाब्वे के लिए बड़ा झटका : टीम प्रबंधन को पहले से आशंका थी कि टेलर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के लिए पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे। इसलिए उन्हें जोखिम में डालने के बजाय शेष मुकाबलों के लिए फिट रखने का फैसला किया गया। ब्रेंडन टेलर ने जुलाई 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। उन्होंने आईसीसी के भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के उल्लंघन के कारण साढ़े तीन साल का प्रतिबंध झेला था, जो 25 जुलाई 2025 को समाप्त हुआ। वापसी के बाद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया था। कमबैक के बाद उन्होंने दो टेस्ट, दो वनडे और 14 टी20 मुकाबले खेले, जिसमें कुल 282 रन बनाए। सितंबर 2025 में टी20 विश्व कप क्वालीफायर में बोत्सवाना के खिलाफ 123 रनों की शानदार पारी भी खेली थी। अब टेलर के बाहर होने से जिम्बाब्वे को बड़ा झटका लगा है, खासकर ऐसे समय में जब टीम को टूर्नामेंट के अहम मुकाबले खेलने हैं।
