चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी ने कहा-लोकतंत्र में सवाल पूछना, अपनी बात रखना नागरिकों का अधिकार

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा कि लोकतंत्र तब मजबूत होता है जब सरकार आलोचना सुनती है और जवाब देती है। भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां सवाल पूछना लोकतंत्र का हिस्सा है। लोकतंत्र में सवाल पूछना और अपनी बात रखना नागरिकों का अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आलोचना को सुने और उसका जवाब दे। उन्होंने कहा कि आज देश में शांतिपूर्ण विरोध को अपराध की तरह देखा जा रहा है। विभिन्न मुद्दों पर आवाज उठाने वाले युवाओं, महिला खिलाड़ियों, किसानों और अन्य लोगों को कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि असहमति को देशविरोध से जोड़कर देखा जा रहा है। राहुल ने कहा कि कई मौकों पर युवा, महिला खिलाड़ियों, किसानों, आदिवासियों एवं अन्य समूहों ने अपने अधिकारों और मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाई, लेकिन उनकी मांगों पर संवाद के बजाय कार्रवाई देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 16-21 फरवरी तक आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन के मामले में कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को भी गिरफ्तार किया गया है।

20 से अधिक नेता हिरासत में : भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश कर रहे 20 से अधिक नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।दिल्ली पुलिस ने जिन नेताओं को हिरासत में लिया उनमें प्रमुख रूप से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास और ओडिशा के प्रभारी अजय कुमार लल्लू समेत 20 से अधिक नेता शामिल हैं। सभी को बस में बैठाकर वहां से पुलिस स्टेशन की तरफ ले जाया गया। युवा कांग्रेस ने चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस मुख्यालय के अंदर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और कांग्रेस नेता उदित राज समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुब की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के मद्देनजर युवा कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बैरिकेडिंग की गयी थी। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय से बाहर निकलकर सड़क पर प्रदर्शन करने का प्रयास करने लगे। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उसे पार कर सड़क पर पहुंच गए। इसके बाद श्रीनिवास, देवेंद्र यादव और अजय कुमार लल्लू समेत कई नेताओं ने सड़क पर लेट कर विरोध प्रदर्शन किया।उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 16-21 फरवरी तक आयोजित एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें इस प्रदर्शन का मुख्य साजिशकर्ता बताया है। अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।

Spread the love