इंडिया यूथ फ्रंट ने चिब की गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरने की दी चेतावनी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : इंडिया यूथ फ्रंट ने भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। भारतीय युवा कांग्रेस मुख्यालय में सोमवार को पत्रकार वार्ता में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने सरकार से माफी की मांग की। युवा कांग्रेस की महासचिव सुरभि द्विवेदी ने कहा कि न्यायालय ने हमारे प्रदर्शन को भड़काऊ और देश विरोधी नहीं बताया। न्यायालय की टिप्पणी के बाद प्रधानमंत्री को माफी मांगनी चाहिए। देश के लिए आवाज उठाने पर संगठन को नंगा कहा गया। शरद पवार धड़े की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की युवा शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष फहाद अहमद ने कहा कि जिस भी दबाव में जमानत याचिका खारिज की जा रही है, वह दबाव हटेगा। उदय भानु चिब शीघ्र रिहा होंगे। किसी भी प्रदर्शन को दबाने से वह और बड़ा होता है। सरकार आवाज नहीं दबा सकती। प्रदर्शन जारी रहेगा।

मुस्लिम यूथ लीग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ अंसारी ने कहा कि सरकार देश के आंतरिक निर्णय बाहरी दबाव में ले रही है। अमेरिका के साथ समझौते से देश के हितों से समझौता किया गया। युवा कांग्रेस बड़े संगठनों में से एक है। उसके अध्यक्ष को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए गिरफ्तार किया गया। यदि उन्हें शीघ्र नहीं छोड़ा गया तो सड़कों पर प्रदर्शन होगा। आम आदमी पार्टी छात्र विंग के राष्ट्रीय प्रभारी अनुराग निगम ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से देश को बेचने का काम किया गया। आईवाईसी ने भारत मंडपम में अन्य देशों की तकनीक को अपना बताकर प्रस्तुत करने का विरोध किया। किसानों और व्यापारियों के हितों के खिलाफ कदमों का भी विरोध किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध से डर गई है और नेता को जेल भेज दिया। ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के हरीश बाला ने कहा कि देश के हितों से समझौता किया जा रहा है। सरकार जनता की आवाज दबा रही है।

Spread the love