News by Mustffa
मेसरा (रांची): बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र के गेतलातू गांव देवी दर्शन रोड स्थित शांति आश्रम में 18 वर्षीय आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने रिम्स ब्लड बैंक में कार्यरत रत्नेश कुमार उर्फ पिंटू के खिलाफ छेड़खानी,दुष्कर्म के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज मामले के अनुसार,घटना 8 सितंबर की तड़के लगभग 3 बजे की है,जब युवती अपने घर में सो रही थी। आरोप है कि उसकी मां के साथ लिव-इन में रह रहे रत्नेश कुमार ने कमरे में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर उसकी बड़ी बहन मौके पर पहुंची,जिसके बाद आरोपी ने दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि सुबह जब उसने अपनी मां पिंकी रानी बाखला (अनिमा) को आपबीती बताई,तो मां ने आरोपी का पक्ष लेते हुए बेटी को ही झूठा करार दे दिया। इसके बाद आरोपी और मां ने दोनों बहनों को पुलिस के पास जाने पर घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दी तथा उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेसरा ओपी थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने पीड़िता से घटना की पूरी जानकारी ली है। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
