EKSANDESHLIVE DESK
भुरकुंडा (रामगढ़): होली के दिन पिस्टल दिखाकर इलाके में भय का माहौल बनाने वाले कुख्यात अपराधी सुजित राम उर्फ सुजित डोम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके घर से एक देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड निवासी सुजित डोम ने 4 मार्च को होली के दिन आपसी विवाद के दौरान पिस्टल दिखाकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने 5/6 मार्च की रात सशस्त्र बल के साथ सुजित डोम के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी घर पर ही मौजूद मिला। पूछताछ में उसने बताया कि होली के दिन लोगों को डराने के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार उसने अपने कमरे में रखे चादर के बक्से में छिपा रखा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बक्से की तलाशी ली, जहां से 7.65 एमएम का एक देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और एक खाली मैगजीन बरामद किया गया। पुलिस द्वारा हथियार के वैध कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अवैध हथियार रखने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में पतरातू (भुरकुंडा) थाना कांड संख्या 55/2026 के तहत आम्र्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि होली के दिन हुए विवाद में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने के मामले में पहले ही पतरातू थाना कांड संख्या 53/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार सुजित डोम का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी आम्र्स एक्ट, डकैती, संगठित अपराध सहित कई मामलों में जेल जा चुका है। बताया जाता है कि वह राहुल दुबे गैंग के लिए भदानीनगर रेलवे साइडिंग में लेवी को लेकर हुई गोलीबारी की घटना में भी शामिल था। इस मामले में पतरातू (भदानीनगर) थाना कांड संख्या 163/2025 में उसे जेल भेजा गया था और 10 दिसंबर 2025 को वह जमानत पर बाहर आया था। जेल से निकलने के बाद भी वह क्षेत्र में गैंग के नाम पर दहशत फैलाने का काम कर रहा था। पुलिस ने 7.65 एमएम का एक देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, एक खाली मैगजीन बरादम किया है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ पतरातू गौरव गोस्वामी, पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा सहित भुरकुंडा ओपी के पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड शामिल थे।
