Eksandeshlive Desk
पलामू : नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) की ओर से एनइपी स्नातक सत्र 2022-26 के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा तिथि में अचानक बदलाव किए जाने से विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ गई है। पहले यह परीक्षा 17 मार्च से आयोजित होने वाली थी, जिसके लिए विश्वविद्यालय ने एडमिट कार्ड भी जारी कर दिया था, लेकिन एडमिट कार्ड जारी होने के बाद ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को स्थगित करते हुए नई तिथि 28 मार्च से घोषित कर दी। इस फैसले से छात्र-छात्राओं में आक्रोश व्याप्त है और वे परीक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि पहले परीक्षा तिथि घोषित करना, फिर एडमिट कार्ड जारी करना और उसके बाद अचानक परीक्षा स्थगित कर देना विश्वविद्यालय की अव्यवस्थित व्यवस्था को दर्शाता है। इससे छात्रों की तैयारी, समय और मानसिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचने के लिए परीक्षा कार्यक्रम को पूरी तैयारी और स्पष्टता के साथ जारी किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। आजसू छात्र नेता अभिषेक राज ने मामले में कहा कि विश्वविद्यालय के इस तरह के निर्णय से हजारों छात्रों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने के लिए तैयारी करते हैं, यात्रा की व्यवस्था करते हैं और मानसिक रूप से परीक्षा के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन ऐन समय पर परीक्षा स्थगित कर देना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
