झारखंड विधानसभा-बजट सत्र : गोला-मुरी रोड की खराब हालत और जेलों में 4जी-5जी जैमर लगाने का मुद्दा उठा

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 14वें दिन शनिवार को सदन में सड़कों की खराब स्थिति और जेलों में मोबाइल नेटवर्क के दुरुपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। विधायकों ने सरकार से इन मामलों में ठोस कार्रवाई करने की मांग की। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक ममता देवी ने गोला-मुरी रोड की जर्जर हालत का मामला सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण बेहद खराब तरीके से किया गया है, जिसके कारण कुछ ही समय में सड़क की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है और जिम्मेदार संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

जेलों में 4जी-5जी जैमर लगाने का मुद्दा भी उठा : इस पर जवाब देते हुए विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि विधायक ने सड़क की जांच कराने की मांग की है। विभाग उनकी उपस्थिति में सड़क की जांच कराएगा। साथ ही बजट सत्र समाप्त होने के बाद पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा, ताकि निर्माण में हुई अनियमितताओं की जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके। सदन में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने राज्य की जेलों में मोबाइल नेटवर्क पर रोक लगाने के लिए 4जी और 5जी जैमर लगाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र में सरकार की ओर से बताया गया था कि जेलों में 4जी-5जी नेटवर्क को रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे। विधायक ने सरकार से पूछा कि इस दिशा में अब तक क्या प्रगति हुई है और कब तक जेलों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इस पर जवाब देते हुए विभागीय मंत्री योगेन्द्र प्रसाद महतो ने कहा कि राज्य की जेलों में जल्द ही 4जी नेटवर्क को रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे। इससे जेल के अंदर मोबाइल नेटवर्क के दुरुपयोग पर रोक लगेगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।

Spread the love