Eksandeshlive Desk
रामगढ़: पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा एनटीपीसी का 52वां स्थापना दिवस पतरातू संयंत्र परिसर में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ए. के. सहगल द्वारा एनटीपीसी ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया तथा गुब्बारे छोड़कर समारोह का शुभारंभ किया। तत्पश्चात सीईओ, महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों ने कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित केक कटिंग समारोह में भाग लिया और एनटीपीसी की गौरवशाली यात्रा एवं उपलब्धियों का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर सभी कर्मचारियों ने नई दिल्ली स्थित स्कोप परिसर से एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) गुरदीप सिंह के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा एवं सुना। अपने संबोधन में उन्होंने एनटीपीसी की विभिन्न परियोजनाओं एवं विद्युत केंद्रों की महत्वपूर्ण उपलब्धियों और संगठन की विकास यात्रा में उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एनटीपीसी के बढ़ते कदमों तथा विभिन्न क्षेत्रों में नई पहल के माध्यम से एक अग्रणी ऊर्जा कंपनी के रूप में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला। सीएमडी के संबोधन के उपरांत पीवीयूएनएल के सीईओ ए. के. सहगल ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन के प्रति अपनी दूरदृष्टि एवं अपेक्षाओं को साझा किया। उन्होंने कर्मचारियों से सामूहिक समर्पण, टीम भावना एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि यूनिट-3 का कमीशनिंग कार्य यथाशीघ्र पूरा किया जा सके। यह समारोह पीवीयूएनएल के कर्मचारियों के सामूहिक गौरव, समर्पण एवं प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। इस अवसर ने एनटीपीसी की उत्कृष्टता, विकास एवं राष्ट्र निर्माण की गौरवशाली यात्रा में पीवीयूएनएल की सक्रिय सहभागिता और योगदान को भी प्रतिबिंबित किया।
