Eksandeshlive Desk
मेसरा (रांची): राजधानी रांची के ओरमांझी स्थित काली मंदिर परिसर में मां काली की पूजा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार की मध्यरात्रि 12 बजे विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसे लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आकर्षण का केंद्र भव्य और सुंदर पंडाल है, जिसे भव्य तरीके से सजाया गया है। पूजा समिति के अनुसार, इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पूर्व प्रमुख सह मुख्य संरक्षक जयगोविंद उर्फ लालू साहू ने आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, मां काली की कृपा से ओरमांझी में यह अनुष्ठान हर साल आपसी सौहार्द और भव्यता के साथ संपन्न होता है। यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। हमारा पूरा प्रयास है कि माता के दर्शन के लिए आने वाले हर एक श्रद्धालु को अलौकिक अनुभव मिले और वे शांतिपूर्ण ढंग से पूजा का आनंद ले सकें। वहीं, इस आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव श्याम किशोर महतो, मुख्य संरक्षक जयगोविंद उर्फ लालू साहू, आमोद कुमार साहू, नरेश महतो, कोषाध्यक्ष नितेश उर्फ छोटू साहू, शंकर गुप्ता, हरिश्चंद्र महतो, भीम मुंडा, तरुण महतो, योगेंद्र मुंडा, सोरेन सिंह, सतीश गुप्ता सहित ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
