MUKESH KUMAR
गारू: प्रखंड अंतर्गत बारेसांड वन क्षेत्र कार्यालय का आज हजारों ग्रामीणों ने एकदिवसीय घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में दर्जनों गांवों के ग्राम प्रधानों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने वर्तमान रेंजर तरुण कुमार सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले सात वर्षों से कार्यरत रेंजर के कार्यों से क्षेत्र की जनता बेहद असंतुष्ट है। उनका कहना है कि विभागीय योजनाओं में स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने के बजाय जेसीबी और ट्रैक्टर जैसी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे गांव के लोगों को काम नहीं मिल पा रहा है। रोजगार के अभाव में कई ग्रामीणों को केरल, तमिलनाडु और मुंबई जैसे दूरदराज क्षेत्रों में पलायन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग द्वारा कराए गए कार्यों का भुगतान अब तक कई गरीब मजदूरों को नहीं किया गया है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में आज उन्होंने वन क्षेत्र कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगों पर अड़े रहे। मामले पर पलामू व्याघ्र परियोजना के डीएफओ कुमार आशीष ने कहा कि आगामी 1 अप्रैल को ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, प्रदर्शनकारी इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं दिखे।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय विधायक प्रतिनिधि मनोज यादव का भी ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वनरक्षी निर्भय कुमार सिंह, अरुण सिंह ने लगभग 20 ग्रामीणों से काम करवाकर उनका मजदूरी खा लिया और मजदूरी मांगने पर झूठे केश में फसाने का धमकी भी देते है, और मनोज यादव द्वारा रेंजर को संरक्षण दिया जा रहा है, और यहां के स्थानीय ग्रामीणों को उनके रोजगार से वंचित किया जा रहा है। साथ ही यह भी कहा गया कि करीब 300 किलोमीटर दूर चाईबासा से अतिरिक्त प्रभार में रेंजर तरुण कुमार सिंह की तैनाती स्थानीय हितों के खिलाफ है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जिला मुख्यालय, मुख्यमंत्री आवास और राजभवन का घेराव करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह से भी पहल करने का अनुरोध किया गया है। यह घेराव ललमटिया स्टेडियम से शुरू होकर बारेसांड वन क्षेत्र कार्यालय तक करीब पांच घंटे तक चला। इस दौरान वनपाल परमजीत तिवारी को ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और हजारों ग्रामीण मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का नैतिक समर्थन ग्रामीणों के साथ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पलामू प्रमंडल अध्यक्ष पप्पू यादव, लातेहार युवा मोर्चा के अध्यक्ष निशांत यादव, लातेहार जिला उपाध्यक्ष पुनीत सिंह चेरो, अध्यक्ष कुलदीप नायक, जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रेम शंकर , प्रखंड सचिव दीपक सोनी की प्रमुख भूमिका रही।
