News by Sunil Verma
रांची / दिल्ली : राज्यसभा में पूरक प्रश्नों के माध्यम से सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तैयार किए गए पेयजल गुणवत्ता निगरानी ढांचा के अंतर्गत समग्र प्रबंधन सूचना प्रणाली (एमआईएस) के जरिए झारखंड में जल गुणवत्ता प्रबंधन, वास्तविक समय (रियल टाइम) डेटा निगरानी तथा पेयजल की गुणवत्ता की जांच और प्रबंधन हेतु ग्राम स्तर पर विकसित क्षेत्रीय परीक्षण प्रणाली के संबंध में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर पाटिल से महत्वपूर्ण प्रश्न पूछा।सांसद डॉ. वर्मा ने अपने प्रश्न के माध्यम से झारखंड में पेयजल की वर्तमान गुणवत्ता स्थिति, उसकी निगरानी व्यवस्था एवं वास्तविक समय के आंकड़ों के आधार पर उठाए जा रहे सुधारात्मक कदमों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि ग्रामीण स्तर पर लागू क्षेत्रीय परीक्षण प्रणाली कितनी प्रभावी है और इससे आमजन को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में कितना लाभ मिल रहा है। यह विषय न केवल जनस्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है, बल्कि ग्रामीण भारत में सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है। इस प्रश्न के माध्यम से जल गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सशक्त एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया गया।
