भू-धंसान से टांडाबारी में बड़ा हादसा

Ek Sandesh Live In Depth States

दो घर जमींदोज, बच्ची समेत तीन के दबे होने की आशंका; ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन

RAJU CHOUHAN

कतरास/धनबाद: सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टांडाबारी में मंगलवार को अचानक हुए भू-धंसान से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो घर पूरी तरह जमींदोज हो गए, जबकि मलबे में एक बच्ची समेत तीन लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय लोग अपने-अपने घरों में मौजूद थे। तभी अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई और देखते ही देखते दो मकान मलबे में तब्दील हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास के तीन से चार अन्य घरों में भी दरारें पड़ गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खतरे को देखते हुए कई परिवारों ने अपने घर खाली कर दिए हैं।

राहत-बचाव कार्य जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोनारडीह ओपी के मुख्य द्वार पर पथराव किया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है और उसी के कारण यह भू-धंसान की घटना हुई है। लोगों ने आरोप लगाया कि इसकी शिकायत कई बार संबंधित विभागों और पुलिस से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
धनबाद के कोयला क्षेत्रों में भू-धंसान की घटनाएं पूर्व में भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थिति तनावपूर्ण, प्रशासन का इंतजार
घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। लोग भय और आक्रोश के बीच जीने को मजबूर हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Spread the love