रांची। बीआईटी मेसरा के प्रबंधन अध्ययन विभाग की ओर से मंगलवार को कैट हॉल में सुबह 11 बजे जेंडर संवेदीकरण विषय पर एक प्रभावशाली कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों के बीच एक समावेशी, समतामूलक और संवेदनशील शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देना था। इस कार्यशाला के अध्यक्ष प्रबंधन अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कुमार संजय सावर्णि थे। कार्यशाला के मुख्य वक्ता रांची के देवनेट एनजीओ के सह-संस्थापक व निदेशक श्याम कुमार थे। सामुदायिक विकास और सामाजिक नीतियों में अपने व्यापक अनुभव के आधार पर उन्होंने लैंगिक समानता, सामाजिक दृष्टिकोण और संस्थागत जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक संवादमूलक सत्र का संचालन किया। संस्थान व कार्यक्षेत्र में लैंगिक जागरूकता का संपूर्ण ढांचा प्रस्तुत करने के लिए कार्यशाला पर चर्चा की गई। कार्यशाला का समापन एक संवादात्मक प्रश्नोत्तरी सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने व्यावहारिक केस स्टडीज पर विचार साझा किए।
