रांची । सरला बिरला विश्वविद्यालय में शिक्षकों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता व मशीन लर्निंग विषय पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य संकाय विकास अकादमी व उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार की ओर से आयोजित किया जा रहा है। सरला बिरला विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम में नॉलेज पार्टनर के तौर पर भाग ले रहा है। कार्यक्रम 9 अक्टूबर तक चलेगा। मौके पर मुख्य अतिथि प्रो. एला कुमार, कुलपति, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व और इससे जुड़े अवसरों एवं चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मशीन लर्निंग में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित आंकड़े अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि गलत अथवा पक्षपातपूर्ण आंकड़ों से गलत परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग के साथ विद्यार्थियों में तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, इंटरनेट से जुड़े उपकरणों एवं स्मार्ट तकनीकों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए जेएसएफडीए की पहल एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता कार्यबल के गठन की सराहना की। एसबीयू के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता व मशीन लर्निंग के विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए विश्वसनीय एवं सटीक आंकड़ों की आवश्यकता पर बल दिया। एसबीयू के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने कहा कि शिक्षकों को उभरती कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीकों से परिचित होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने एसबीयू के शैक्षणिक एवं तकनीकी विकास तथा ड्रोन एवं रोबोटिक्स जैसी आधुनिक प्रयोगशालाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में सहायक होगा।अपने संबोधन ने कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडीन ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं संगणकीय बुद्धिमत्ता शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं और शिक्षकों को इनके प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करना आवश्यक है। तकनीकी सत्र में प्रो. सी. जगनाथन ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मूल अवधारणाओं एवं इसके अनुप्रयोगों पर चर्चा की। सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान व राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा के एफडीपी के आयोजन पर शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।
