पलामू एसपी की कार्रवाई : रंगदारी और मारपीट के आरोप में हुसैनाबाद का दरोगा लाइन हाजिर

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : जिले के हुसैनाबाद थाना में पदस्थापित एसआई नर्मदेश्वर सिंह को रंगदारी मांगने और चाय दुकानदार के साथ मारपीट के आरोप में लाइन हाज़िर कर दिया गया है। पलामू पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने गुरुवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई की है। सोशल मीडिया में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल कदम उठाया गया, जिससे इलाके में चर्चा तेज हो गई है। बताया जाता है कि जपला–छत्तरपुर मुख्य मार्ग स्थित चाय दुकानदार शुभम पाठक एवं उनके स्टाफ के साथ कथित मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। आरोप है कि वर्दी के रौब में एसआई नर्मदेश्वर सिंह ने दुकानदार से अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर दबाव बनाने की कोशिश की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था और कार्रवाई की मांग उठने लगी थी।

क्या है मामला : जपला–छतरपुर मुख्य सड़क स्थित पेट्रोल पंप के सामने संचालित बाबा चाय दुकान के संचालक शुभम पाठक से आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर हर महीने पांच हजार रुपये देने की मांग की थी। दुकानदार का आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर संबंधित पुलिस कर्मी अपने कुछ सहयोगियों के साथ दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर शुभम पाठक और उसके भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। पीड़ित शुभम पाठक ने बताया कि मारपीट के दौरान दुकान बंद करा देने की धमकी भी दी गई। उसने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर कारोबार नहीं चलने देने की चेतावनी दी गई। घटना के बाद से दुकानदार और उसके परिवार के लोग भय और तनाव में हैं। वहीं बाजार के अन्य दुकानदारों में भी नाराजगी देखी जा रही है। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार के साथ धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, संबंधित पुलिस अधिकारी का एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, जिसमें वह किसी व्यक्ति से दो हजार रुपये लिए जाने की बात स्वीकार करते हुए पांच हजार रुपये तय होने का जिक्र करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर अभद्र भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगाया गया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में दुकानदार को लात मारते हुए दृश्य कैद होने का दावा किया जा रहा है।

Spread the love