Eksandeshlive Desk
मस्कट/तेहरान : ओमान और ईरान के बीच रणनीतिक रूप से अहम होर्मुड जलडमरूमध्य को लेकर महत्वपूर्ण वार्ता हुई है। इस बैठक में दोनों देशों ने समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही, सुरक्षा और संभावित नियंत्रण व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।ओमान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को हुई इस बैठक में विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों ने कई प्रस्ताव पेश किए, जिन पर आगे विचार किया जाएगा। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में जारी तनाव के कारण इस जलमार्ग की स्थिति वैश्विक चिंता का विषय बनी हुई है।
होर्मुज जलडमरूमध्य की भौगोलिक स्थिति इस वार्ता का प्रमुख कारण है। इसका उत्तरी हिस्सा ईरान के नियंत्रण में है, जबकि दक्षिणी भाग ओमान के अधीन आता है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा और संचालन में दोनों देशों की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के करीब 20 प्रतिशत हिस्से का वहन करता है। हालिया संघर्ष के बीच ईरान ने इस मार्ग को अधिकांश जहाजों के लिए बंद कर दिया था, हालांकि रविवार को कुछ तेल टैंकरों की आवाजाही फिर शुरू होने के संकेत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, ईरान इस क्षेत्र में अपनी संप्रभुता को मान्यता दिलाने और जहाजों की आवाजाही पर अधिक नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। वहीं, ओमान संतुलन बनाए रखते हुए समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने की भूमिका निभा रहा है।
