News By Mustaffa
मेसरा : बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो नर्सिंग कॉलेज में मंगलवार को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के उपलक्ष्य में एक भव्य शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय “साथ मिलकर स्वास्थ्य के लिए,विज्ञान के साथ खड़े रहें” रखा गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में समर्पण और टीमवर्क ही सफलता की कुंजी है। प्राचार्य प्रो. चित्रवेल वी ने जनस्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। वहीं संस्थान के निदेशक मनोज कुमार महतो ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा,एक कुशल नर्स वही है जो सेवा के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण को भी अपनाए। हमारा उद्देश्य ऐसे स्वास्थ्य योद्धा तैयार करना है जो अंधविश्वासों को पीछे छोड़ समाज को साक्ष्य-आधारित चिकित्सा और सही परामर्श से सशक्त बना सकें। इस कार्यक्रम की कमान बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2025-2029) के विद्यार्थियों के हाथों में रही। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से समाज को जागरूक करने का प्रयास किया: पोस्टर मेकिंग,कविता पाठ और प्रभावशाली भाषणों के जरिए स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विषयक नाटकों के माध्यम से रोगों की रोकथाम और सामुदायिक स्वच्छता पर प्रकाश डाला गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन नर्सिंग शिक्षक अराधना जैकब और शालिनी कुमारी के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने समाज के प्रति संवेदनशील रहने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ नर्सिंग सेवा प्रदान करने की सामूहिक शपथ ली। मौके पर ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पुनम कुमारी सहित कॉलेज के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
