मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के अवसर पर दीं शुभकामनाएं, विभाग के कार्यों की सराहना की

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य के महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा एमएस भाटिया ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बैज पहनाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों और अग्निशमन सेवा से जुड़े सभी कर्मियों को ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अग्निशमन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह विभाग आपदा की घड़ी में लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा में अहम भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ के दौरान लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आग जैसी आपदाओं से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है और इस दिशा में विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं। हेमन्त सोरेन ने अग्निशमन सेवा के जवानों के साहस और समर्पण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ये जवान अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। किसी भी आपदा की स्थिति में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार अग्निशमन सेवा से जुड़े संसाधनों और सुविधाओं को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आपात स्थितियों में और बेहतर तरीके से राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।

Spread the love