
रांची झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने राज्य के शिक्षा सचिव से आग्रह किया है कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव किया जाए अथवा जरूरत पड़ने पर अवकाश घोषित किया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में झारखंड के अधिकांश जिलों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासकर छोटे-छोटे स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, थकान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है।
अजय राय ने कहा कि ऐसी स्थिति में बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी में स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के साथ जोखिम लेने जैसा है। इसलिए राज्य सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित निर्णय लेना चाहिए।
प्रमुख मांगें:
सभी विद्यालयों के समय में तत्काल बदलाव कर सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक किया जाए।
अत्यधिक प्रभावित जिलों में कुछ दिनों के लिए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए।
स्थानीय तापमान और परिस्थितियों के अनुसार जिला प्रशासन को निर्णय लेने का अधिकार दिया जाए।
अजय राय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है, इसलिए सरकार को इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग से इस विषय पर त्वरित और संवेदनशील निर्णय लेने की अपील की है।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन द्वारा इस संबंध में शिक्षा सचिव को ज्ञापन ईमेल के माध्यम से प्रेषित किया गया है। साथ ही इसकी प्रतिलिपि शिक्षा मंत्री, झारखंड सरकार एवं उपायुक्त, रांची को भी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है।
प्रतिलिपि:
(1) शिक्षा मंत्री, झारखंड सरकार
(2) उपायुक्त, रांची
