महिला बिल पर कांग्रेस सहित विपक्षियों ने दिया ओछी राजनीति का परिचय: आदित्य साहू

360° Ek Sandesh Live

News by sunil

25 अप्रैल को राजधानी की सड़कों पर दिखेगा इस आक्रोश का नजारा

रांची: प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि महिला आरक्षण बिल सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर आगामी 25 अप्रैल को रांची में आयोजित होने वाले आक्रोश मार्च की तैयारी को लेकर भाजपा ने पूरी तरह कमर कस ली है। इस कार्यक्रम की तैयारी में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है, युद्ध स्तर पर इसकी तैयारियों में पार्टी जुटी हुई है। इसी निमित्त आज भाजपा द्वारा रांची में दो स्थानों पर बैठक आयोजित कर इसकी तैयारियों की समीक्षा की गई। रांची महानगर एवं विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। जबकि दूसरी बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कुच्चू स्थित पैतृक आवास में रांची पश्चिमी जिला एवं मंडल के पदाधिकारियों की हुई। श्री साहू ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस सहित उनकी सहयोगी पार्टियों ने ओछी राजनीति का परिचय दिया है। ये दल महिलाओं के नाम पर केवल राजनीतिक रोटी सेंकने का काम करते रहे हैं। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को संवैधानिक और राजनीतिक रूप से भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाया तो इन दलों ने अपने राजनीतिक स्वभाव का परिचय देते हुए एक गौरवशाली अवसर से महिलाओं को वंचित करने का काम किया। आज पूरा देश आक्रोशित है। झारखंड में भी महिलाओं और आम लोगों में भारी उबाल है। उन्होंने कहा कि इसी मद्देनजर 25 अप्रैल को आक्रोश मार्च का आयोजन किया गया है। वहीं 25 से 30 अप्रैल तक राज्य के 595 मंडलों में पदयात्रा कर कांग्रेस का पुतला दहन किया जाएगा। कांग्रेस सहित विपक्षियों के खिलाफ किस कदर आक्रोश व्याप्त है, इसका नजारा पार्टी के कार्यक्रमों के दौरान सड़कों पर विपक्षी दलों को दिख जाएगा। मौके पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ संदेश दिया है कि उनके रहते नारी शक्ति के उदय को कोई ताकत नहीं रोक सकती। मोदी सरकार महिलाओं के आरक्षण के मार्ग में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी। हां, इस दौरान कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों का चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर जरूर बेनकाब हो चुका है। देवी स्वरूप महिलाओं का रास्ता रोकने वाले इन दलों को इसका भारी खामियाजा भुगतना होगा। झारखंड सहित पूरे देश में महिलाएं आक्रोशित हैं।

Spread the love