पहले चरण की बंपर वोटिंग से ममता सरकार का सुपड़ा साफ : अमित शाह

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नदिया : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच जिले के राणाघाट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग से राज्य में बदलाव का संकेत मिल गया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान से ही ममता बनर्जी सरकार का सुपड़ा साफ होता दिखाई दे रहा है और 151 सीटों में से लगभग 110 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारी बहुमत से जीत की ओर बढ़ रही है। अमित शाह ने कहा कि दूसरे चरण का मतदान बाकी काम पूरा कर देगा और राज्य में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। सभा में मौजूद मां-बहनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं के खातों में हर महीने तीन हजार रुपये भेजने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को भी तीन हजार रुपये की सहायता उनके खातों में दी जाएगी।

अमित शाह ने कहा कि सरकारी बसों में मां-बहनों को कोई टिकट नहीं लेना होगा और वे मुफ्त में सफर कर सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्नातक करने वाली बच्चियों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। साथ ही जो बेरोजगार युवा फैक्ट्री लगाना चाहते हैं, उन्हें 15 लाख रुपये का लोन देने की व्यवस्था भाजपा सरकार करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने पूरे बंगाल में घुसपैठियों को रखा है और राज्य को घुसपैठिया मुक्त बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यही घुसपैठिए लोगों की नौकरियां छीन रहे हैं और लोगों को गरीब बना रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि ममता बनर्जी उन्हें लेकर नाराज रहती हैं और पूछती हैं कि इतने सारे घुसपैठियों के नाम क्यों निकल रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अभी तो सिर्फ नाम निकला है, पांच तारीख को सरकार बना दीजिए, भाजपा एक-एक को चुन-चुनकर बाहर करने का काम करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह भी आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने षड्यंत्र कर मतुआ समाज के कुछ लोगों के नाम मतदाता सूची से कटवा दिए हैं। शाह ने कहा कि पांच तारीख को भाजपा की सरकार बनने पर सभी पात्र लोगों का नाम फिर से जोड़ने का काम किया जाएगा।

अमित शाह ने नदिया जिले के तेहट्ट में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल के मतदाताओं ने पहले चरण के मतदान में दीदी का सफाया कर दिया है। पहले चरण की 150 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 110 सीटें जीतने जा रही है। बाकी काम दूसरे चरण में पूरा किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी ने इस क्षेत्र के लहसुन किसानों को धोखा दिया है। देश के बाकी हिस्सों में लहसुन 200 टका प्रति किलो बिकता है। लेकिन बांग्लादेश से आने वाले नकली चीनी लहसुन के कारण, लहसुन किसानों को केवल 12 टका प्रति किलोग्राम मिलता है। भाजपा सरकार के दौरान चीनी लहसुन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा और किसानों को उनके उत्पादित लहसुन का मूल्य 200 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगा। अमित शाह ने कहा, मैं माताओं-बहनों से कहना चाहता हूं कि यहां कमल की सरकार बनाएं। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि मई महीने से प्रत्येक दीदी के बैंक खाते में तीन हजार रुपये जमा किये जायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बंगाल के सभी बेरोजगार युवाओं के खाते में भी 3000 रुपये की राशि हर माह जमा करेगी और हम हर गर्भवती मां को उसके बच्चे की देखभाल के लिए 21 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Spread the love