दिल्ली के गार्गी कॉलेज में राहुल गांधी का छात्राओं से संवाद, बोले- देश का नेतृत्व करेंगी जेन जी महिलाएं

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज का दौरा कर छात्राओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवा पीढ़ी, खासकर ‘जेनरेशन जेड (जेन जी)‘ की महिलाओं की भूमिका को देश के भविष्य के लिए अहम बताया। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर करीब 36 मिनट का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह छात्राओं के साथ बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि गार्गी कॉलेज और दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं से मिलकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। आज की युवा पीढ़ी सब कुछ समझती है और देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

संवाद के दौरान उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक पर भी चर्चा की। छात्राओं ने इसे केवल सशक्तिकरण का माध्यम नहीं बल्कि सत्ता के संतुलन को बदलने का जरिया बताया। उन्होंने राजनीति में समानता, सम्मान और भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। छात्राओं ने बातचीत में यह भी कहा कि वे राजनीति में हिंसा, नफरत और पितृसत्ता के बजाय एकता, समानता और सम्मान को प्राथमिकता देती हैं। उन्होंने समाज और राजनीति में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। राहुल गांधी ने छात्राओं की सोच और बेबाकी की सराहना करते हुए कहा कि ‘जेनरेशन जेड’ की महिलाएं आने वाले समय में देश का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अवसरों के दरवाजे खोलना समाज और व्यवस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए।

Spread the love