रांची: रातू थाना क्षेत्र से एक दु:खद घटना सामने आई है, जहां सेंट्रल यूनिवर्सिटी आॅफ झारखंड के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली है। मृतक की पहचान साकेत कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले का रहने वाला था व यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, साकेत रातू थाना क्षेत्र के तिलता हनुमान नगर में किराए के मकान में रहता था। सोमवार को उसका शव कमरे से बरामद किया गया। इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें युवक ने अपने निजी जीवन से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया है। शुरूआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने भी घटना की पुष्टि की है। झारखंड सेंट्रल यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि साकेत पढ़ाई में काफी होनहार छात्र था व उसके इस तरह का कदम उठाने की किसी को उम्मीद नहीं थी। अधिकारियों का कहना है कि यदि पहले इस तरह की मानसिक स्थिति की जानकारी मिलती, तो काउंसलिंग व अन्य माध्यमों से उसकी मदद की जा सकती थी। इस घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है व वे रांची पहुंच रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
