Eksandeshlive Desk
रांची : झारखंड में मई माह में भीषण गर्मी नहीं पड़ेगी। यह जानकारी मौसम विभाग की ओर से गुरुवार को दी गई है। विभाग के अनुसार लातेहार में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लातेहार के अधिकतम और जमशेदपुर के न्यूनतम तापमान में अंतर महज 3 डिग्री का है। विभाग के अनुसार राज्य भर में 12 मई तक गर्जन के साथ हल्की बारिश होने और वज्रपात की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी बात कही गई है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 36.2 डिग्री जमशेदपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके में 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे जबकि दोपहर बाद घने बादल छाए रहे और गर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश होने से ठंडी हवाएं चली इससे मौसम सुहाना बना रहा। वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34.8 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 36.2 और न्यूनतम 23.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.1 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
