ओरमांझी में हाइवा ने मासूम को कुचला : आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच – 20 किया जाम

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

ओरमांझी (राँची): झारखंड की राजधानी राँची के ओरमांझी इलाके में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र में मातम और भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। एनएच -20 पर एक अनियंत्रित हाइवा ने स्कूटी सवार माँ-बेटे को टक्कर मार दी,जिससे 5 वर्षीय मासूम की चक्के के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक महिला अपनी स्कूटी से अपने 5 वर्षीय बच्चे को लेकर घर जा रही थी। दुर्गा मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ़्तार हाइवा ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि माँ और बच्चा दोनों सड़क पर गिर पड़े और मासूम बच्चा हाइवा के पिछले टायर की चपेट में आ गया। इस हृदयविदारक दुर्घटना में बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ​घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-20 को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई। ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे,और सुरक्षा इंतजामों की कमी को इस मौत का जिम्मेदार ठहरा रहे थे। वहीं,​मौके पर पहुँचे अंचलाधिकारी और पुलिस बल को ग्रामीणों ने एक लिखित आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं,वे जाम नहीं हटाएंगे। प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं,सर्विस रोड पर जमे कूड़े-कचरे को तुरंत साफ किया जाए। विश्राम मंदिर विद्यालय के पास रेलिंग या बैरिकेडिंग लगाई जाए। थाना चौक और स्कूल के पास तत्काल स्पीड ब्रेकर (ब्रेकर) बनाए जाएं। सड़क पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर एक किलोमीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। ओरमांझी थाना क्षेत्र में एनएचआई की ओर से 24×7 एम्बुलेंस की व्यवस्था हो। थाना के पास सड़क किनारे ट्रकों के अवैध जमावड़े को बंद कराया जाए। छठघाट से शिव मंदिर तक जर्जर सर्विस रोड का अविलंब पक्कीकरण और मरम्मत की जाए। मौके पर ओरमांझी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा मानकों को लेकर एनएचआई से बात की जाएगी और हाइवा चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक जाम की स्थिति बनी हुई थी और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।

Spread the love