चतरा समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनता दरबार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामले शामिल थे। उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों का क्रमवार अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी श्री रितेश कुमार को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण सुनिश्चित करते हुए उन्हें अविलंब संबंधित विभागों को अग्रसारित किया जाए। साथ ही प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण कर निष्पादन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया जाए। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। आमजन अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान हेतु जनता दरबार में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
