By Mustaffa
नेवरी गांव की घटना: सालभर का अनाज और सारा सामान जलकर राख,ग्रामीणों ने पाया काबू
मेसरा (रांची): आपसी विवाद और शक का अंत कितना भयानक हो सकता है,इसकी बानगी शुक्रवार को बीआईटी मेसरा क्षेत्र के नेवरी गांव में देखने को मिली। यहाँ अनिल कुमार महतो नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद आवेश में आकर दिन के 11 बजे अपने ही अल्बेस्टर नुमा घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के अंदर रखा सालभर का राशन (धान,चावल,गेहूं) सहित कपड़े और सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ,लेकिन घर की छत के अल्बेस्टर तक टूटकर बिखर गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने घरों की बोरिंग मशीन से पाइप जोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही मेसरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अनिल कुमार महतो को हिरासत में लेकर थाने ले आई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार,अनिल और उसकी पत्नी के बीच पिछले छह महीनों से अनबन चल रही थी। अनिल को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था,जिसके कारण घर में आए दिन झगड़ा-फसाद होता रहता था। इसी शक की बुनियाद पर शुक्रवार को अनिल ने आपा खो दिया और खुद की ही गृहस्थी को आग के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल के दो बेटे हैं (14 वर्ष और 11 वर्ष),जिनके भविष्य पर अब इस कलह का साया मंडरा रहा है। कार्यवाहक थाना प्रभारी मेसरा रामेश्वर वर्मा ने कहा,पारिवारिक विवाद के कारण एक व्यक्ति द्वारा अपने ही घर में आग लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार महतो को हिरासत में ले लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
