झामुमो नेता सन्नी शुक्ला के एक्स पोस्ट पर मुख्यमंत्री का एक्शन, बड़कागांव में बहाल होगी बिजली

360°

Eksandeshlive Desk

पलामू : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता सन्नी शुक्ला के एक्स पोस्ट पर शुक्रवार को त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त को मेदिनीनगर सदर प्रखंड के रजवाडीह पंचायत अंतर्गत बड़कागांव में अविलंब बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को भी संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं से भी इस प्रकार की शिकायत सुनने को न मिले। उल्लेखनीय है कि रजवाडीह पंचायत के बड़कागांव में ट्रासफार्मर खराब होने से पिछले 20 से 22 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप थी, जिससे लगभग 150 परिवार भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना कर रहे थे। ग्रामीणों की ओर से कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।

झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गांव में जल्द बिजली बहाल होने की उम्मीद जगी है। सांसद ने नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखा। बड़कागांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने भी सक्रियता दिखाई है। सांसद ने शुक्रवार को विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया है। सांसद ने बताया कि चंदन तिवारी और बड़कागांव के ग्रामीणों ने आवेदन देकर उन्हें गांव में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर एवं तार लगाने के लिए अनुरोध किया है। पहले से लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर अत्यधिक लोड के कारण 22 दिनों से जला हुआ है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली नहीं रहने से किसानों को सिंचाई, बच्चों को पढ़ाई और ग्रामीणों को भीषण गर्मी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

Spread the love