प्रतापपुर(चतरा): चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने गुरुवार को प्रतापपुर प्रखंड के एक दिवसीय दौरे के दौरान क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान लेवड़िया, बभने, प्रयाग नगर प्रतापपुर, भंगिया, रामपुर, कृष्णापुरी प्रतापपुर, अनंतपुर सहित कई गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क का विधिवत उद्घाटन किया गया।सड़क उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि अब गांवों की तस्वीर बदलने वाली है। नई सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार तक पहुंच भी आसान होगी।ग्रामीणों का कहना था कि बरसात के दिनों में खराब रास्तों के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस सड़क के निर्माण से बड़ी राहत मिलेगी। सड़क बनने से आसपास के गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए वे लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रतापपुर क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
