Ashutosh Jha
काठमांडू : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा में तैनात 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने रक्सौल-वीरगंज मैत्री पुल पर एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर नियमित जांच अभियान के दौरान की गई। सीमा सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, पकड़ा गया विदेशी नागरिक बिना वैध भारतीय वीजा के बिहार में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को खिलौना व्यवसाय से जुड़ा व्यापारी बताया है। उसके पास से लड़ाकू विमान स्पाइडरमैन मुखौटा सहित अन्य आपत्तिजनक शैली के खिलौना की खेप भी बरामद होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक वह काठमांडू पहुंचने के बाद 11 मई 2026 को नेपाल के चितवन क्षेत्र में व्यापारिक उद्देश्य से पहुंचा था और बाद में वीरगंज होते रक्सौल बॉर्डर के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहा था। वह तब बॉर्डर में प्रवेश कर रहा था, जब एसएसबी की ड्यूटी बदलती है। मैत्री पुल से भारतीय कस्टम एरिया से रक्सौल शहर की ओर बढ़ने के दौरान उसे तांगा से हिरासत में लिया गया। वह केवल चाइनीज भाषा में ही बोल रहा है, इससे पूछ ताछ में दिक्कत आ रही है।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान याओ शुझांग (Yao Shuzhang), उम्र 57 वर्ष, पिता या सो ची (Ya So Chi), निवासी चीन के रूप में हुई है। उसके पास से चीनी पासपोर्ट संख्या EJ0138408 बरामद किया गया है। हालांकि जांच के दौरान भारत में प्रवेश से संबंधित कोई वैध वीजा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए चीनी नागरिक के भारत आने के वास्तविक उद्देश्य, उसके संपर्कों तथा संभावित गतिविधियों की जांच में जुट गई हैं। पूछताछ के बाद कानूनी कार्रवाई हेतु उसे संबंधित थाना को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। रक्सौल एडीपीओ मनीष आनंद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से बिहार में प्रवेश करते हुए हिरासत में लिया गया है, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए इस घटना को सुरक्षा एजेंसियां काफी गंभीरता से ले रही हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की संदिग्ध गतिविधियों और अवैध प्रवेश की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में SSB और अन्य एजेंसियों की सतर्कता से एक बार फिर सीमा सुरक्षा व्यवस्था की सक्रियता सामने आई है।
