हजारीबाग : कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर चौक स्थित होटल यमुना पैलेस में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध देह व्यापार के बड़े रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान होटल मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि होटल से दो युवतियों और तीन युवकों को बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में दलालों की मिलीभगत से विभिन्न क्षेत्रों से युवतियों को बुलाकर अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार दोपहर होटल यमुना पैलेस में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से फटे हुए कंडोम के रैपर, कंडोम के डिब्बे और आगंतुक रजिस्टर बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से होटल मालिक रामेश्वर प्रसाद, धमेन्द्र चौधरी, सोनू कुमार और आसिफ अजहर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 82/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जप्त सामानों में छह मोबाइल फोन, दो कंडोम रैपर, सात कंडोम के डिब्बे तथा एक ब्लू कलर का आगंतुक रजिस्टर शामिल है। छापेमारी अभियान में पुलिस अधिकारियों के साथ कोर्रा थाना और महिला थाना के पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम या डायल 112 पर दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
