चतरा में बकरीद को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न

360° Ek Sandesh Live


चतरा उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में शनिवार को चतरा सभागार भवन में ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और सामाजिक सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग से शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को पर्व के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, गश्ती बढ़ाने तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने का भी निर्देश दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहे।शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।

Spread the love