By Ashok Anant
चतरा : चतरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 18 लाख मूल्य के अवैध मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की है। सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लावालोंग थाना क्षेत्र के ग्राम-जोरदाग में तीन संदिग्धों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर इस धंधे का भंडाफोड़ किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्रामीण भारी मात्रा में अफीम और डोडा छिपाकर उसे ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने तस्करों के रिहायशी मकानों में दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और ड्रग मनी बरामद हुई।
ठिकानों से बरामदगी का ब्योरा:
सकिन्द्र यादव के घर से: 1.570 किलोग्राम प्रतिबंधित सूखा अफीम (पट्टा)।
धनेश्वर यादव के घर से: दो बोरा अवैध डोडा।
रामबली यादव के घर से: सात बोरा डोडा, एक बोरा पोस्ता दाना और ₹30,000 ड्रग मनी।
जब्त सामानों की कुल विवरणी:
अफीम (सूखा/पट्टा): 1.570 किलोग्राम
डोडा: 69.87 किलोग्राम (9 बोरे)
पोस्ता दाना: 25.850 किलोग्राम (1 बोरा)
नगद राशि: ₹30,000/- (500 के 60 नोट)
अन्य: दो आधार कार्ड
इस मामले को लेकर लावालोंग थाना में कांड संख्या- 34/26 के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 15(C)/17(C)/18(B) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अभियान में प्रभारी थाना प्रभारी पु०अ०नि० विधायक प्रसाद यादव व सशस्त्र बल मुख्य रूप से शामिल थे।
