By Ashok Anant
चतरा :जिले के कुन्दा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ग्राम-मरगड़ा से भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने घर से ही अफीम के अवैध व्यापार को संचालित करने की फिराक में था। कुन्दा पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि ग्राम-मरगड़ा निवासी उमेश कुमार (उम्र करीब 19 वर्ष), पिता-गोविन्द गंझू, अपने घर में व्यापार करने के उद्देश्य से भारी मात्रा में अवैध अफीम छुपा कर रखा हुआ है।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए कुन्दा के अंचलाधिकारी (Circle Officer) महोदय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
1012 ग्राम अफीम जब्त, आरोपी गिरफ्तार
गठित छापेमारी दल ने बिना वक्त गंवाए ग्राम-मरगड़ा में चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की। इस त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से कुल 1012 ग्राम (लगभग 1 किलो 12 ग्राम) अवैध अफीम बरामद कर उसे जब्त कर लिया। जिसकी अंतर राज्यीय बाजार में कीमत ₹5 लाख रुपए है। इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थ रखने के आरोप में उमेश कुमार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले को लेकर कुन्दा थाना में कांड संख्या- 34/2026, दिनांक 26.05.2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 15/18/27/29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में ये थे शामिल:
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मुख्य भूमिका रही, जिनके नाम
दीपक कुमार मिश्रा – अंचलाधिकारी (CO), कुन्दा, चतरा (नेतृत्वकर्ता)
प्रिंस कुमार सिंह – पु.अ.नि. सह थाना प्रभारी, कुन्दा थाना
नागेश्वर पंडित – स.अ.नि.
कुन्दा थाना का सशस्त्र बल शामिल थे।
