Reporting by Ajay Raj
प्रतापपुर(चतरा):प्रखंड क्षेत्र के देवी मंडप एवं बभने मोड़ इलाके में रहने वाले विद्युत उपभोक्ताओं को अब लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने जा रही है। क्षेत्र में लगातार कम वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्या से परेशान लोगों की शिकायत पर विधायक जनार्दन पासवान ने त्वरित पहल करते हुए दोनों स्थानों के लिए अतिरिक्त 100–100 केवी क्षमता का एक-एक ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया है। विधायक की इस पहल से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बताया जाता है कि देवी मंडप एवं बभने मोड़ क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। खासकर शाम के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पंखा, कूलर, मोटर सहित कई विद्युत उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर पा रहे थे। भीषण गर्मी के बीच लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही थी। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को विधायक के समक्ष रखा, जिसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग से समन्वय कर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई। क्षेत्र में नए ट्रांसफार्मर लगने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी तथा उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज मिल सकेगा। इससे न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि छोटे व्यवसायों और दुकानदारों को भी लाभ पहुंचेगा।
विधायक जनार्दन पासवान की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि जनता की समस्या को समझते हुए विधायक ने त्वरित कार्रवाई कर बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया है। ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं ने विधायक के प्रति आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।
