Eksandeshlive Desk
कोडरमा : गया-कोडरमा रेलखंड के घाटी सेक्शन में शुक्रवार सुबह तेज आंधी और बारिश के बाद रेल पटरी पर फिसलन बढ़ जाने से डाउन लाइन पर रेल परिचालन करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान बसकटवा हाॅल्ट के पास चढ़ाई के समय दुरंतो एक्सप्रेस फंस गई, जिसे बाद में बैंकर इंजन की मदद से आगे बढ़ाया गया। इसके पीछे चल रही एक मालगाड़ी भी घाटी सेक्शन में अटक गई। बताया गया कि दुरंतो एक्सप्रेस सुबह करीब 8.30 बजे गया से कोडरमा की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज आंधी के साथ भारी बारिश हुई। लगभग आधे घंटे तक हुई बारिश से घाटी सेक्शन की पटरियों पर फिसलन बढ़ गई। बसकटवा हाल्ट के पास चढ़ाई चढ़ते समय दुरंतो ट्रेन के पहिए फिसलने लगे और ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद चालक और गार्ड ने कंट्रोल रूम और संबंधित स्टेशन को सूचना दी। रेलवे विभाग ने तत्काल बैंकर इंजन भेजा, जिसे ट्रेन के पीछे जोड़कर दुरंतो एक्सप्रेस को घाटी पार कराया गया। इसी दौरान दुरंतो एक्सप्रेस के पीछे आ रही मालगाड़ी भी फिसलन के कारण घाटी सेक्शन में फंस गई। बाद में उसे भी अतिरिक्त इंजन की सहायता से आगे बढ़ाया गया। रेल परिचालन बाधित होने के कारण कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
बसकटवा हाल्ट के पास रुकी ट्रेन को बैंकर इंजन से रवाना कराया गया। पहाड़पुर स्टेशन पर पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस खड़ी रही, जबकि गुरपा स्टेशन पर अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को रोका गया। वहीं टनकुप्पा स्टेशन पर पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस, बंधुआ में बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस और मानपुर स्टेशन पर झारखंड एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। उल्लेखनीय है कि गुरपा से कोडरमा तक का घाटी क्षेत्र तीखी चढ़ाई वाला है। ऐसे में ट्रेनों को सुरक्षित तरीके से पार कराने के लिए कई बार पीछे से बैंकर इंजन लगाया जाता है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्री-मानसून की पहली बारिश में ही रेल परिचालन ठप होने का यह पहला मामला है। इस 15 किलोमीटर लंबे घाट सेक्शन में 24 घंटे सतर्कता बरती जाती है। भारी बारिश के कारण इस इलाके में पहाड़ों से चट्टान खिसकने (लैंडस्लाइड) की हमेशा संभावना बनी रहती है। वहीं शुक्रवार को अप लाइन पर भी ट्रेन परिचालन ठप हो गया। कोडरमा स्टेशन से खुलने के बाद बाढ़ स्पेशल मालगाड़ी कोडरमा और गंझड़ी के बीच अचानक कपलिंग के टूटने से दो भागों में बंट गई। घटना के बाद से ही एक पैसेंजर ट्रेन सुबह 11.30 बजे से कोडरमा स्टेशन पर खड़ी रही और अप लाइन का यातायात भी काफी देर प्रभावित हो गया। हांलाकि इसे ठीक कर रेलवे यातायात चालू करा दिया गया है।
