सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

360° Ek Sandesh Live


रिपोर्ट -अशोक अनन्त
चतरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर चतरा जिले में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सदर थाना क्षेत्र के उटा मोड़ के पास एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। अस्पताल में शव छोड़कर दोस्त फरार हो गए। एक तरफ पुलिस इसे हादसा मान रही है, तो दूसरी तरफ पिता ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।इटखोरी के गुल्ली टोला निवासी मिथिलेश कुमार यादव रात करीब 9 बजे अपने दोस्त अनिल के घर से अन्य साथियों—सोनू मियां, चंदन दांगी और चंदन के साले के साथ घूमने निकला था। राजपुर जाने वाले मार्ग पर उटा मोड़ के पास संदिग्ध हालत में मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त उसे सदर अस्पताल ले गए, लेकिन मौत होने के बाद शव छोड़कर फरार हो गए। मृतक का सिर बुरी तरह फटा हुआ था। आधी रात को जब परिजनों को सूचना मिली, तो अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। अगली सुबह परिजनों ने दोस्तों को पकड़ लिया। पिता डोदी यादव का सीधा आरोप है कि उनके बेटे की हत्या कर इसे हादसे का रूप दिया जा रहा है। इस मामले पर सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा लगता है, जिसमें मिथिलेश खुद बाइक चला रहा था और अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परिजनों का लिखित आवेदन मिलने पर मामले की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

Spread the love